मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती जिले में प्रेम प्रसंग ने उस वक्त खौफनाक मोड़ ले लिया, जब एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को पाने के लिए प्रतिद्वंद्वी प्रेमी का फिल्मी अंदाज़ में अपहरण करा दिया। मामला सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के सांउडीह गांव निवासी सतीश का 26 जनवरी को अचानक अपहरण कर लिया गया था। इस घटना के पीछे कोई और नहीं, बल्कि प्रेम में पागल आरोपी राजन निकला, जिसने अपनी प्रेमिका को हासिल करने के लिए यह खतरनाक साजिश रची।
बताया जा रहा है कि राजन ने एक दर्जन से अधिक दबंग युवकों के साथ मिलकर सतीश को अगवा किया। प्रेमिका को लेकर पहले से ही दोनों युवकों के बीच तनातनी चल रही थी, जो धीरे-धीरे हिंसक टकराव में बदल गई। इसी रंजिश में राजन ने सतीश को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।
सतीश के लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़ित के पिता ने गौर थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने चार विशेष टीमें गठित कीं।
इसके बाद पुलिस ने दो थानों की टीमों के साथ SOG और स्वाट टीम को भी अभियान में लगाया। लगातार दबिश और तकनीकी सर्विलांस के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अपहृत सतीश को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजन सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। बरामदगी के बाद सतीश को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जहां परिवार ने राहत की सांस ली।
घटना का आधिकारिक खुलासा सीओ हरैया ने गौर थाने में प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

