मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
करौली राजस्थान, 23 जनवरी। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी की 129वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस का भव्य आयोजन 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर, गुढाचन्द्रजी, नादौती में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, करौली द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के संघर्षपूर्ण जीवन से परिचित कराना तथा उनके साहस, त्याग एवं देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्पण कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, आज़ाद हिंद फौज की भूमिका एवं उनके प्रेरणादायी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नेताजी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने हेतु भाषण, निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता एवं देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बैडमिंटन रैकेट, चेस बोर्ड, स्कीपिंग रोप, फ्लाइंग डिस्क एवं माय भारत कलम पुरस्कार स्वरूप जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर युवा अधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है और उन्हें नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जैसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के हित में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा, विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में मंच संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण चौधरी द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्या भारती संस्थान के प्रधानाचार्य दीपेंद्र सिंह चौहान, विद्यालय समिति सदस्य सीताराम अग्रवाल, लक्ष्मी मित्तल, माय भारत सहयोगी स्टाफ नेहरू लाल बैरवा, वॉलंटियर नंदनी चौधरी, रहीस अहमद सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

