मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/करौली/ राजस्थान
जिला करौली की पंचायत समिति नादौती के प्रस्तावित वार्ड परिसीमन में ग्राम पंचायत रौंसी को वार्ड संख्या 11 एवं 12 में विभाजित किए जाने के प्रस्ताव का ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी नादौती को ग्रामवासियों द्वारा लिखित आपत्ति प्रस्तुत की गई है।ग्रामवासियों का कहना है कि ग्राम पंचायत रौंसी सामाजिक, भौगोलिक एवं प्रशासनिक रूप से सदैव एक इकाई रही है। ग्राम को दो अलग-अलग वार्डों में विभाजित करने से ग्राम की एकता भंग होगी, जनप्रतिनिधित्व असंतुलित होगा तथा भविष्य में गंभीर प्रशासनिक व सामाजिक समस्याएँ उत्पन्न होंगी। ग्रामवासियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि “रौंसी के टुकड़े किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।” यदि परिसीमन प्रशासनिक कारणों से आवश्यक हो, तो पूरी ग्राम पंचायत रौंसी को एक इकाई के रूप में किसी एक ही वार्ड या समीपवर्ती ग्राम पंचायत (केमला, कुंजेला अथवा अन्य) में सम्मिलित किया जाए, किंतु ग्राम पंचायत को दो हिस्सों में बांटना स्वीकार्य नहीं है। ग्रामवासियों ने निर्वाचन प्रशासन से जनभावनाओं, जनहित एवं प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए रौंसी को वार्ड 11 एवं 12 में विभाजित करने के प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है तथा ग्राम पंचायत रौंसी को एक ही वार्ड/एक ही इकाई के रूप में बनाए रखने का आग्रह किया है।

