मूकनायक न्यूज/सिरोही/राजस्थान
सिरोही उपखंड के गोल गांव में नदी पर पुलिया का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन उसके समीप स्थित सार्वजनिक शमशान घाट उपयोगहीन रह गया है। शमशान घाट के बाहर ग्राम पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित शौचालय व शमशान भूमि तक जाने वाला रास्ता सार्वजनिक निर्माण विभाग व रोड ठेकेदार की लापरवाही के कारण बंद हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण के दौरान शमशान भूमि की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पुल के पास बनी गहरी खाई से मवेशियों के गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार अब तक कई बार मवेशी फिसलने की स्थिति में आ चुके हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की यह शमशान भूमि अब किसी काम की नहीं रह गई है। पूर्व में खबर प्रकाशित होने के बाद भी संबंधित विभाग और ठेकेदार द्वारा अब तक कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं, न ही रास्ता पुनः चालू किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि शमशान भूमि तक सुरक्षित रास्ता तत्काल बनाया जाए, गहरी खाई को पाटकर या सुरक्षा रेलिंग या अन्य कोई रास्ते से हादसों से बचाव किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि न हो।

