Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedगणतंत्र दिवस पर शिक्षा को बढ़ावा, रजोली स्कूल के बच्चों को मिले...

गणतंत्र दिवस पर शिक्षा को बढ़ावा, रजोली स्कूल के बच्चों को मिले प्रेरणादायक उपहार

गणतंत्र दिवस पर शिक्षा को बढ़ावा, रजोली स्कूल के बच्चों को मिले प्रेरणादायक उपहार

मूकनायक छत्तीसगढ़
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

रजोली (गुंडरदेही)।

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रजोली में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। ग्राम सरपंच त्रियोदय मुकेश द्वारा शाला प्रांगण में तिरंगा ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। कार्यक्रम में उपसरपंच गोपेन्द्र चंद्राकर, शाला समिति अध्यक्ष मिलन साहू, सुबेदास रात्रे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला रजोली के विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों ने गीत, नाटक एवं नृत्य के माध्यम से भारतीय संविधान की महत्ता, मोबाइल की लत से होने वाले दुष्प्रभाव, बालिका भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावशाली संदेश दिया। पंथी गीत की प्रस्तुति के माध्यम से बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एके बरोबर” के सिद्धांत को दर्शाते हुए विद्यार्थियों ने खूब प्रशंसा बटोरी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिक्षा को प्रोत्साहन देने की भावना से सतमय श्री मंगलूराम खेलवार जी एवं स्वर्गीय दुर्गाप्रसाद साहू जी की स्मृति में, बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन भिलाई के कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार एवं अधिवक्ता श्री हीरा सिंह साहू के सहयोग से विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपहार वितरित किए गए। कक्षा पहली से सातवीं तक के सभी विद्यार्थियों को टाई, कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को गणितीय ज्यामिति बॉक्स तथा वर्ष 2025 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दस्तावेज़ रखने हेतु उपयोगी फाइल भेंट की गई। वहीं विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ को डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन भिलाई के पूर्व अध्यक्ष चेतन लाल राणा, महासचिव विजय कुमार रात्रे एवं कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार की सुपुत्री कु. अंतरा खेलवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिनकी सहभागिता सराहनीय रही।
इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ समाजसेवी एवं वयोवृद्ध कन्हैया लाल मधुकर का पुष्पहार, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक राजकुमार बारले, शिक्षिकाएं श्रीमती सीमा शर्मा, श्रीमती ललिता बघमार, शिक्षक ओमप्रकाश साहू तथा शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री यशवंत साहू, सहायक शिक्षिकाएं श्रीमती नीरा खुटेल एवं सहायक शिक्षक जितेन्द्र कुमार साहू का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा किया गया।
आयोजकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। बच्चों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
अंत में सभी उपस्थित नागरिकों को मिष्ठान्न वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments