Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedगणतंत्र दिवस पर गणेश नगर वार्ड 46 में विभिन्न स्थानों पर हुआ...

गणतंत्र दिवस पर गणेश नगर वार्ड 46 में विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण, संविधान और नागरिक कर्तव्यों पर दिया गया संदेश

बिलासपुर। महापर्व गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। वार्ड के प्रथम नागरिक इब्राहिम खान (अब्दुल) के नेतृत्व में वार्ड के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति आस्था व्यक्त की गई।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए इब्राहिम खान (अब्दुल) ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारत के संविधान को आत्मसात करने और उसके मूल मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।

उन्होंने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमें न केवल अधिकार देता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना, कानून का सम्मान करना, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इब्राहिम खान (अब्दुल) ने कहा कि गणतंत्र दिवस उन महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष और त्याग से हमें आज यह लोकतांत्रिक व्यवस्था प्राप्त हुई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को अपना मार्गदर्शक बनाकर देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए तथा वंदे मातरम् और भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। वार्डवासियों ने एकजुट होकर संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

गणतंत्र दिवस के इस आयोजन ने वार्ड 46 में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments