Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय नागपुर...

ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय नागपुर की ऐतिहासिक जीत

ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय नागपुर की ऐतिहासिक जीत

बिलासपुर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय नागपुर की फुटबॉल टीम ने धनपुरी, शहडोल में आयोजित ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।

फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक एवं संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें दोनों टीमों ने उच्च स्तरीय खेल भावना, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया। कड़े मुकाबले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (मुख्यालय) की टीम ने आर.सी.एफ. कपूरथला को 1–0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल टीम के मिडफील्डर सानमदीप द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कौशल और आत्मविश्वास से टीम को विजय दिलाई। उनके इस सराहनीय प्रदर्शन की सर्वत्र प्रशंसा की गई।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने सामूहिक प्रयास, सशक्त रणनीति, अनुशासन एवं खेल भावना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों के निरंतर प्रयासों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ एवं प्रबंधन के कुशल मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने इस ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस शानदार उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर मंडल दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने विजेता टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी टीम इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नाम रोशन करती रहेगी।

इस गौरवपूर्ण जीत से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष और गर्व का वातावरण है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाती है, बल्कि रेलवे प्रशासन द्वारा खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच का भी परिचायक है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परिवार की ओर से समस्त विजेता खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ एवं प्रबंधन को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की जाती हैं। यह जीत निश्चित रूप से भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments