Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएसडीएम हिमांशु कुमार के नेतृत्व में भानपुर में मतदाता जागरूकता अभियान, निकाली...

एसडीएम हिमांशु कुमार के नेतृत्व में भानपुर में मतदाता जागरूकता अभियान, निकाली गई मतदाता रैली

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती जनपद के भानपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत 309-रुधौली विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं उपजिलाधिकारी भानपुर हिमांशु कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली किसान इंटर कॉलेज भानपुर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए सम्पन्न हुई।

रैली में विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी बोर्ड व तख्तियां लेकर “मतदान प्यारे, न भूलना लोकतंत्र को गले लगाना”, “वोट देना पर्व है, जनता का यह गर्व है”, “पहले मतदान फिर जलपान” जैसे प्रेरक नारे लगाए। रैली का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार भानपुर श्री कृष्ण मोहन, नायब तहसीलदार पूजा, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की तथा युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

रैली के माध्यम से पूरे कस्बे में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ और लोकतंत्र के प्रति जनमानस को जागरूक करने का सफल प्रयास किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments