मूकनायक न्यूज/दिलीप कुमार/सिरोही(राजस्थान)
सुमेरपुर। सोमवार को एजुकेट गर्ल्स संस्था के प्रगति कैंप, सुमेरपुर में स्वामी विवेकानंद जयंती का आयोजन युवा दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रगति कैंप प्रेरक शकुन कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान से छात्राओं एवं युवाओं को प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि आयुष नर्सेज महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं योग शिक्षक ललित मेघवाल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि युवाओं के लिए ऊर्जा और आत्मविश्वास के प्रतीक थे। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।पूर्व प्रेरक प्रकाश कुमार ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने उनके प्रेरणादायी संदेश—“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”—को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया।अंत में प्रगति प्रेरक शकुन कुमारी ने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं को आत्मनिर्भर, निडर और देशभक्त बनने की प्रेरणा देता है। उनके विचार भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने की दिशा में मार्गदर्शक हैं।कार्यक्रम में कैंप की शिक्षार्थी पवना कुंवर, धनु कुमारी, मीणा कुमारी, अंजली मीणा, पुष्पा कुमारी, पूर्वा, पुरन, कोमल कुमारी, हेमलता सहित अन्य उपस्थित रहीं।

