Thursday, February 26, 2026
Homeराजस्थानआज सांचौर में चतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह का...

आज सांचौर में चतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह का होगा आयोजन

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली होंगे मुख्य अतिथि, 350 से अधिक प्रतिभाओं का होगा सम्मान

साँचौर, 04 जनवरी 2026 – अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर के तत्वावधान में आयोजित होने वाला चतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान एवं स्नेहमिलन समारोह आज रविवार 04 जनवरी 2026 को अम्बेडकर उद्यान, बी ढाणी साँचौर में भव्य रूप से संपन्न होगा। यह समारोह सामाजिक समानता, शैक्षणिक प्रोत्साहन एवं प्रतिभाओं के सम्मान का सशक्त मंच बन चुका है।

समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महंत श्री श्री १००८ श्री गणेशनाथ महाराज (गणेश शिव मठ साँचौर) एवं भिक्खु डॉ. नंदवरौ पञ्ञासिरी के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टीकाराम जूली नेता प्रतिपक्ष विधानसभा राजस्थान शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रदीप के गावंडे जिला कलेक्टर जालोर करेंगे।

समारोह में युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत आईएएस टॉपर टीना डाबी जिला कलेक्टर बाड़मेर, लुंभाराम चौधरी सांसद जालोर–सिरोही, राजेश कुमार राणा जिला प्रमुख जालोर, रमिला मेघवाल जिलाध्यक्ष कांग्रेस जालोर, सुखराम विश्नोई पूर्व मंत्री राजस्थान सरकार, नंदकिशोर राजौरा मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जालोर, नानजीराम गुलसर एआरटीओ उदयपुर, नितेश आर्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रशासनिक अधिकारी समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।

महासचिव पारीक ने बताया कि इस सम्मान समारोह की शुरुआत वर्ष 2021–22 में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य साँचौर, चितलवाना एवं सरनाऊ क्षेत्र के अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर किंतु मेधावी विद्यार्थियों तथा नवचयनित सरकारी कर्मचारियों को समान अवसर और समान मंच प्रदान करना है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

इस पहल के अंतर्गत कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाता है। समिति का मानना है कि शिक्षा एवं सम्मान के माध्यम से समाज में समानता और जागरूकता को सुदृढ़ किया जा सकता है।

इस वर्ष समारोह में लगभग 350 से अधिक प्रतिभाओं को मंचासीन अतिथियों के कर-कमलों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थी एवं विभिन्न विभागों में नवचयनित अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ उनके भविष्य निर्माण की दिशा में एक मजबूत प्रेरणा बनेगा।

अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर के अध्यक्ष नरेश पातलिया ने बताया कि इस वर्ष समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह है कि रिकॉर्ड 65 नवचयनित अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि समाज के युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और वे निरंतर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें, उनके मान-सम्मान को बढ़ाएं तथा सामाजिक समानता और शैक्षणिक सशक्तिकरण के इस अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments