अलौकिक के जज़्बे को सलाम
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
राजनांदगांव छत्तीसगढ़
देशभक्ति और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए राजनांदगांव निवासी अलौकिक रामटेके ने अपने 16वें जन्मदिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक कदम उठाया। 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अलौकिक ने भारतीय सेना के नाम पाँच हजार रुपये का चेक जिलाधीश राजनांदगांव के माध्यम से भेंट किया।
कम उम्र में राष्ट्र सेवा के प्रति इस भावनात्मक और सराहनीय योगदान ने उपस्थित जनों का मन जीत लिया। अलौकिक के इस अनुकरणीय कार्य से उनके माता-पिता लवकुमार रामटेके एवं श्रीमती दीपा रामटेके (अधिवक्ता, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट), दादी श्रीमती शांताबाई रामटेके, बहन गौतमी माही (लॉ स्टूडेंट) सहित परिवारजन और इष्ट मित्रों ने गर्व महसूस करते हुए उन्हें ढेरों शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दीं।
अलौकिक का यह कदम न केवल युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि देश के प्रति सेवा और सम्मान की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। उनके इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है और आमजन इसे एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं।


