मूकनायक/गोपाल मेघवंशी
भीलवाड़ा /राजस्थान
भीलवाड़ा सालवी समाज नवयुवक सेवा समिति, ध्रुव चौखला भीलवाड़ा द्वारा आयोजित 12वें विशाल रक्तदान शिविर में कुल 186 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। यह शिविर ग्राम पंचायत के पास, रामदेवजी चौक, बोरियापुरा (तहसील रायपुर) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रक्तदान शिविर में सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, पूर्व मंत्री कालूराम गुर्जर, पूर्व सांसद सुभाष बेहड़िया एवं रोशन मेघवंशी सहित समाज के अनेक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पुनीत कार्य की सराहना की।
शिविर में समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं समाज के सभी वरिष्ठजनों का आयोजन समिति द्वारा माल एवं साफा पहनाकर पारंपरिक सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम और अधिक गरिमामय बन गया।
रक्त संग्रह में महात्मा गांधी चिकित्सालय भीलवाड़ा, अरिहंत चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र भीलवाड़ा तथा उदयपुर चिकित्सालय टीम का विशेष सहयोग रहा। चिकित्सा टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं की जांच कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। समिति ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सा स्टाफ एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

