




दमोह (बालाघाट)।आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय आदिवासी सीनियर नवीन कन्या छात्रावास दमोह के नवनिर्मित, सर्वसुविधायुक्त भवन का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। लगभग 3 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में 50 छात्राओं के लिए 25 शयन कक्ष, अध्ययन कक्ष, भोजनालय सहित दैनिक उपयोग के सभी आवश्यक कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं।
लोकार्पण समारोह में भगतसिंह नेताम, पूर्व विधायक विधानसभा क्षेत्र बैहर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुपमा नेताम, अध्यक्ष जिला पंचायत बालाघाट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बिपत राठौर, जनपद सदस्य जनपद पंचायत बिरसा, यशोदा धुर्वे, सरपंच ग्राम पंचायत दमोह तथा के.एस. छेदाम, प्राचार्य एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्मित भवन के हवन-पूजन से हुआ, जिसे मनहरण तिवारी महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। तत्पश्चात भगतसिंह नेताम द्वारा फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया गया तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए छात्रावास अधीक्षिका ममता वाहने को भवन समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य के.एस. छेदाम ने संस्थान की रूपरेखा एवं शासन द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी दी। सरपंच यशोदा धुर्वे ने बालिकाओं को परिश्रम एवं लगन से अध्ययन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। जनपद सदस्य बिपत राठौर ने छात्रावास निर्माण में भगतसिंह नेताम के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया। वहीं पुरोहित मनहरण तिवारी महाराज ने छात्राओं के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए अनुशासन और संस्कारों पर बल दिया।
मुख्य अतिथि भगतसिंह नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसके फलस्वरूप यह छात्रावास भवन साकार हो सका। इससे क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने शीघ्र ही क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय एवं महाविद्यालय की सौगात मिलने की बात भी कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अनुपमा नेताम ने कहा कि महिलाएं सृष्टि की निर्माता हैं और बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं, आवश्यकता केवल अवसर प्रदान करने की है। यह छात्रावास भवन क्षेत्र की बालिकाओं के लिए स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एस.आर. उके द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन छात्रावास अधीक्षिका ममता वाहने ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एकीकृत शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बी.आर. बिसेन, नीरज जैन, हेमेन्द्र नेवारे, मीना बिसेन, प्रेमलता बिसेन, संतराम मेरावी, मीना सूर्यवंशी एवं छात्रावास के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

