मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला आधार अनुश्रवण समिति की त्रैमासांत दिसम्बर, 2025 की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में आधार नामांकन एवं अद्यतन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद के परिषदीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 1,12,440 बच्चों का बायोमैट्रिक अभी कराया जाना शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाए, ताकि बच्चों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि माह नवम्बर, 2025 में जनपद में कुल 175 आधार सीटें संचालित रही हैं। समीक्षा में यह भी सामने आया कि इण्डिया पोस्ट पेमेंट बैंक की प्रगति अन्य एजेंसियों की तुलना में सबसे कमजोर पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार नामांकन की गति बढ़ाने के लिए सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन की स्थिति पर भी विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में इस आयु वर्ग के बच्चों का आधार नामांकन मात्र 17 प्रतिशत है, जो अत्यंत चिंताजनक है। इस संबंध में उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आयु में आधार बनने से भविष्य में बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त, सभी उपजिलाधिकारियों को उनके पोर्टल पर 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आधार नामांकन से संबंधित लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आमजन को समयबद्ध सेवा मिलनी चाहिए।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण बिंदु पर चर्चा करते हुए बताया गया कि आधार कार्ड में अंकित जन्म तिथि के अनुसार जनपद में 100 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 700 कार्डधारकों का डेटा पोर्टल पर उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों का सत्यापन उपजिलाधिकारियों के स्तर से कराने के निर्देश दिए, ताकि रिकॉर्ड की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
सीएससी मैनेजर को अवशेष 10 विकास खंडों में आधार सेवा केंद्र स्थापित कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधार सेवाओं की सुलभता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे लोगों को दूर-दराज भटकना न पड़े। साथ ही सभी रजिस्ट्रार को सख्त निर्देश दिए गए कि यूआईडीएआई द्वारा आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं हेतु जो धनराशि निर्धारित की गई है, उससे अधिक किसी भी आधार सेवा केंद्र द्वारा न लिया जाए। इस नियम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) प्रतिपाल सिंह चौहान, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, यूआईडीएआई के प्रतिनिधि विवेक कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक सहित आधार समिति के सभी सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

