मूकनायक/ परवीन
असन्ध/करनाल/हरियाणा
10 दिस असन्ध।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे मकानों का निर्माण रुकने से असंध क्षेत्र में गरीब परिवार भारी परेशानी झेल रहे हैं। पहली किस्त 29 मई 2025 को मिलने के बाद दूसरी किस्त आज तक नहीं आई। जिसके न आने के कारण पात्र परिवारों के अधूरे मकान यूं ही बिना छत अधूरे पड़े हैं और लोग मजबूरी में अपना घरेलू सामान सार्वजनिक स्थानों और गलियों में रखने को विवश हैं। इससे सामान खराब हो रहा है और परिवार खुले आसमान तले सर्द मौसम का सामना कर रहे हैं।
असंध के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने इस स्थिति को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में इंदिरा गांधी आवास योजना ग्रामीण के तहत लाखों पात्र परिवारों को पक्का मकान देने की दिशा में निरंतर कार्य हुआ था और योजना की किस्तें क्रमवार लोगों के खातों में भेजी जाती थीं। लेकिन भाजपा शासन में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पहली किस्त भेजने के बाद आज तक दूसरी किस्त नहीं डाली गई है, जिससे गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही है।
पूर्व विधायक गोगी ने कहा कि सर्दी का मौसम तेज़ी से बढ़ रहा है और बरसात का समय भी आने वाला है।ऐसे में इन परिवारों का क्या होगा? हल्के के ज़्यादातर गांवों में लोग अपने पुराने मकान तोड़कर नई निर्माण राशि की उम्मीद में बैठे हैं, लेकिन किस्त न आने से उनके सिर पर छत ही नहीं बची। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं जमीनी स्तर पर न तो देखी जा रही हैं और न सुनी जा रही हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर गरीबों के प्रति बेरुखी दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंचों पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर वाहवाही लूटी जा रही है, जबकि हकीकत यह है कि गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे ठंड और बरसात में अपने बच्चों सहित रहने को मजबूर हैं। सरकार को चाहिए कि जल्द से जल्द पात्र परिवारों के खातों में राशि भेजकर उनके अधूरे मकान पूरे करवाए, ताकि वे सुरक्षित छत के नीचे रह सकें।

