Thursday, February 26, 2026
Homeराजस्थानचतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह के आमंत्रण-पत्र का विमोचन

चतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह के आमंत्रण-पत्र का विमोचन

साँचौर – अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले चतुर्थ अनुसूचित जाति व जनजाति प्रतिभा सम्मान एवं स्नेहमिलन समारोह 2025-26 के आमंत्रण-पत्र का विमोचन धार्मिक व सामाजिक वातावरण के बीच श्री श्री 1008 महंत श्री गणेशनाथ महाराज, गणेश शिव मठ शिवनाथपुरा साँचौर के कर कमलों से किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समानता, शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

सेवा समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी साँचौर, चितलवाना एवं सरनाऊ क्षेत्र के अनुसूचित जाति व जनजाति समाज की प्रतिभाओं को एक सम्मानजनक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी 4 जनवरी 2026, रविवार को अम्बेडकर उद्यान बी ढाणी साँचौर में आयोजित होने वाले इस समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह को सफल बनाने हेतु मुख्य अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों एवं समाजसेवियों को अधिक से अधिक संख्या में आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण-पत्र विमोचन कर आयोजन तैयारियों को गति दी गई है।

इस अवसर पर महंत श्री गणेशनाथ महाराज ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें मंच प्रदान करना भविष्य निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी मील का पत्थर साबित होता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।

अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर के अध्यक्ष नरेश पातलिया ने बताया कि इस वर्ष का प्रतिभा सम्मान समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। समारोह में बाड़मेर जिला कलेक्टर एवं आईएएस टॉपर टीना डाबी की उपस्थिति विद्यार्थियों, युवाओं एवं छात्राओं के लिए विशेष प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं जालोर जिला कलेक्टर प्रदीप के गावंडे की अध्यक्षता कार्यक्रम को नई गरिमा एवं ऊँचाइयाँ प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि समाज के जुझारू एवं संघर्षशील नेता टीकाराम जूली, रमीला मेघवाल एवं सुष्मिता गर्ग की उपस्थिति से समारोह की शोभा और गरिमा में वृद्धि होगी।

आमंत्रण-पत्र विमोचन कार्यक्रम के दौरान समाज में शिक्षा के प्रसार, प्रतिभाओं के सम्मान तथा सामाजिक एकता पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी ने अम्बेडकर सेवा समिति साँचौर द्वारा निरंतर किए जा रहे सामाजिक व शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार वेरसीराम पारेगी, मेघवाल समाज अध्यक्ष भंवराराम खांभू, पूर्व अध्यक्ष जवाराराम मेघवाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरसिंगाराम कालमा, पार्षद प्रतिनिधि खेमाराम बंशीवाल, नट समाज प्रतिनिधि खमेशाराम, अम्बेडकर सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल, केवलाराम परमार, उपाध्यक्ष अंबालाल राणुवा, संगठन मंत्री प्रकाशचंद्र जीनगर, प्रधानाचार्य नरेन्द्र कुमार जीनगर, पंचाणमल जीनगर, रमेशकुमार खानवत, मूलाराम वाघेला, एडवोकेट राजेंद्र हिगंड़ा, लाडूराम पाँचल, केशाराम पतालिया, सुरेश खोरवाल, भागीरथ खोरवाल, हीरालाल धोरावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने आयोजन की सफलता की कामना करते हुए समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments