Thursday, February 26, 2026
Homeहरियाणासंविधान और समाज बचाने की जंग में सब एक मंच पर आएं...

संविधान और समाज बचाने की जंग में सब एक मंच पर आएं : डॉ अनिल रंगा,हरियाणा के 22 जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने दिखाई एकजुटता, 2 नवंबर को करनाल में अगली बैठक का ऐलान

मूकनायक/ रमेश पोड़िया

पानीपत/हरियाणा

असंध, 28 अक्टूबर। संविधान बचाओ समाज बचाओ मुहिम के तहत एक प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता संविधान बचाओ समाज बचाओ अभियान के संचालक डॉ. अनिल रंगा ने की। बैठक में हरियाणा के 22 जिलों से पहुंचे समाजसेवी, संस्थाओं के प्रतिनिधि और बुद्धिजीवी वर्ग ने भाग लिया। बैठक के दौरान वक्ताओं ने संविधान में निर्माण और संविधान निर्माता के नाम के साथ हो रही छेड़छाड़ और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान व समाज के शोषण और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के अपमान पर गहरी पीड़ा व्यक्त की। सभी ने सर्वसम्मति से डॉ. अनिल रंगा के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का समर्थन किया और मुहिम को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही। अपने जोशीले संबोधन में डॉ. अनिल रंगा ने कहा कि आज समाज कई संगठनों और मंचों में बिखरा हुआ है, जबकि जरूरत है सबको एक सूत्र में जोड़ने की। रंगा ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में वीरों की कमी नहीं, लेकिन हमें अपने बीच के किसी साथी को नेता मानने और उसके साथ खड़े होने की हिम्मत दिखानी होगी। अगर अब भी समाज एकजुट नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियां अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने लायक भी नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज की सुरक्षा का दावा करते हैं, वे वर्षों से प्रदेश के लोगों की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए ऐसे दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज के नाम पर मोटा चंदा इकट्ठा कर महलों के बिजली बिल भरे जा रहे हैं, लेकिन आम जनता अब भी अधिकारों के लिए संघर्षरत है।
डॉ. रंगा ने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है जब हर व्यक्ति को संविधान और समाज की रक्षा की इस मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तभी सफल होगा जब कुछ लोग घर-परिवार और निजी इच्छाओं से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लें।
अंत में, बैठक में संविधान बचाओ – समाज बचाओ मुहिम की कोर कमेटी का गठन किया गया और आगामी प्रदेश स्तरीय बैठक 2 नवंबर को करनाल में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। डॉ. अनिल रंगा ने सभी समाजसेवियों से इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को गति देने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments