मानवता और समानता का संदेश देंगे संत समाज : सुरेश दास
मूकनायक/ सत्यवान खोबड़ा/ओंगध/करनाल/हरियाणा
असंध, 24 अक्टूबर। असंध के गांव ओंगध में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के मिशन से जुड़े सतगुरु स्वामी नेकी दास महाराज के परम शिष्य संत सुंदर दास महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर एक भव्य संत समागम आयोजित किया जाएगा। यह संत समागम समाज में समानता, प्रेम और मानवता का संदेश प्रसारित करेगा।
इस अवसर पर संत समाज के संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज की विचारधारा से प्रभावित संतजन उपस्थित रहेंगे और उनके बताए मार्ग से समाज को दिशा देंगे, 3 नवंबर के कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए संत सुंदर दास पंथ के मौजूदा गद्दीनशीन संत सुरेश दास जी महाराज ने जुड़ला स्थित सतगुरु रविदास महाराज जागृति मिशन के सदस्यों से मुलाकात की।
संत सुरेश दास महाराज ने बताया कि इस महान संत समागम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैले पाखंडवाद, आडंबरों और जातीय दुर्भावना को समाप्त कर मानवता, समरसता और भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि संतों की वाणी सदैव समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य करती आई है और यह समागम भी उसी दिशा में एक प्रेरक पहल है।
उन्होंने बताया कि इस संत समागम में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से सतगुरु रविदास महाराज की विचारधारा से प्रेरित संगत बड़ी संख्या में पहुंचेगी। संत सुरेश दास महाराज ने आस-पास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं और भक्तों से इस समागम में पहुंचकर संत विचारधारा से जुड़कर लाभ लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रोशन लाल बीबीयन, डॉ. रमेश पौड़ियां,जयनारायण,रामपाल,पाला राम सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। जागृति मिशन के कोषाध्यक्ष सतीश मदान ने निमंत्रण देने पहुंचे संत सुरेश दास जी महाराज का सिरोपा पहनाकर स्वागत किया गया।

