मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को यू.पी.-112 की कार्यशाला एवं मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसमें जिले के आला अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पीआरवी कर्मियों की उपस्थिति रही बैठक की अध्यक्षता एसपी अभिनन्दन के निर्देशन में एएसपी श्यामकांत और सीओ सदर ने सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए रिस्पांस टाइम में और अधिक सुधार लाने पर खास जोर दिया।
बैठक में एएसपी श्यामकांत ने कहा कि यू.पी.-112 का मुख्य उद्देश्य जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है इसलिए प्रत्येक कॉल पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई अनिवार्य है उन्होंने कॉलर संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए निर्देशित किया कि पीआरवी कर्मी कॉलर से सौम्यता एवं संवेदनशीलता के साथ संवाद करें ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
सीओ सदर ने पीआरवी यूनिट के अनुशासन वर्दी की शुचिता और वाहनों की स्वच्छता पर सख्त निर्देश दिए उन्होंने कहा कि साफ-सुथरी वर्दी और व्यवस्थित वाहन पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाते हैं उन्होंने टीमों को यह भी निर्देशित किया कि किसी भी घटना की रिपोर्टिंग करते समय ROIP और PRV इवेंट ATR को विस्तार से भरना सुनिश्चित करें ताकि आगे की कार्रवाई में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पीआरवी को अलर्ट किया गया कि महिला अपराधों विशेषकर छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए अधिकारियों ने कहा कि पीड़िता को भरोसा दिलाना और तुरंत सहायता पहुँचाना पुलिस की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।
एसपी अभिनन्दन के निर्देशन में बैठक में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया गया जिससे अन्य कर्मचारियों में भी उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ सके वहीं लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए सुधार करने के निर्देश दिए गए अधिकारीगणों ने स्पष्ट कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यशालाओं और नियमित समीक्षा बैठकों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं बस्ती जिले की यू.पी.-112 टीम ने अपने रिस्पांस टाइम में उल्लेखनीय सुधार किया है और इसी का परिणाम है कि बस्ती जनपद उत्तर प्रदेश में यू.पी.-112 रिस्पांस टाइम की श्रेणी में टॉप-10 जिलों में शामिल हो चुका है यह उपलब्धि पुलिस कर्मियों के परिश्रम और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।
बैठक के अंत में सभी पीआरवी कर्मियों को अपने कार्य में और अधिक दक्षता लाने जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने तथा हर समय तत्पर रहने की शपथ दिलाई गई अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में बस्ती यू.पी.-112 टीम प्रदेश में और बेहतर प्रदर्शन करती हुई शीर्ष स्थान हासिल करेगी।

