मूकनायक/ उत्तर प्रदेश/गाजियाबाद।
रहमतूनिशा तहसील रिपोर्ट।
गाजियाबाद के मुरादनगर में एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में शनिवार शाम भीसन आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण शोरूम में आग लगी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मेन कस्बा रोड पर विजय मंडी के सामने जितेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर के नीचे वत्स इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से शोरूम है। शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक शोरूम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। शोरूम में काम कर रहे कर्मचारी बाहर निकाल कर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग की चपेट में शोरूम के बाहर खड़ी गाड़ियां भी पूरी तरह जल गई। आसपास के दुकानों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। मेन कस्बा रोड एक भीड़ भाड़ वाला क्षेत्र है। आग लगने के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। शोरूम मालिक जितेंद्र कुमार का परिवार उसे समय घर में ही मौजूद था। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग में हुए नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं हो सका है, लेकिन अनुमान है कि एक करोड़ रुपए से अधिक का सामान जल गया है।

