मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। दिल्ली में हुए कार धमाके की घटना के बाद बस्ती जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासन व पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है इसी क्रम में मंडलायुक्त बस्ती, मंडल बस्ती तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती के नेतृत्व में जिलाधिकारी बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने रविवार की रात थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में स्थित रेलवे स्टेशन समेत अन्य संवेदनशील स्थलों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल मार्च के दौरान मंडलायुक्त व डीआईजी ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ रेलवे पुलिस बल और स्थानीय पुलिस टीमों के साथ संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों ,वस्तुओं एवं वाहनों की तलाशी ली गई साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हों ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने जनता से संवाद भी स्थापित किया जिलाधिकारी बस्ती ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें पुलिस अधीक्षक बस्ती ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचने की भी अपील की गई।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने भदेश्वरनाथ मंदिर, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण किया अधिकारियों ने वहां तैनात पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल, सार्वजनिक परिवहन केंद्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फुट पेट्रोलिंग की जाए तथा चेकिंग अभियान को और सघन बनाया जाए।
मौके पर अपर जिलाधिकारी बस्ती, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी सदर सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के आसपास बने दुकानों, ठेलों और यात्री प्रतीक्षालयों में भी जाकर चेकिंग की तथा वहां मौजूद लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
डीआईजी बस्ती ने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों की तरह बस्ती में भी सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बढ़ाई गई है किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है मंडलायुक्त बस्ती ने कहा कि जनता के सहयोग से ही प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर सकता है उन्होंने निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी 24 घंटे सुनिश्चित की जाए तथा सभी थानों में नियंत्रण कक्षों को अलर्ट मोड में रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने बताया कि जिले के सभी थानों को संवेदनशील स्थानों की सूची तैयार कर नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है इसके साथ ही होटल, धर्मशाला, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली की घटना के मद्देनज़र बस्ती समेत पूरे मंडल में चौकसी बढ़ा दी गई है सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस दौरान प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने अफवाहों से दूर रहने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

