मूकनायक/ राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर/ बस्ती उत्तर प्रदेश
बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत महानुआ चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक सवार युवक को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान हरिहरपुर निवासी नितेश (20) पुत्र इंद्रजीत के रूप में हुई है। नितेश अपनी बाइक से महनुआ चौराहे से सल्टौवा की ओर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौराहे से थोड़ा आगे बढ़ते ही पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नितेश सड़क पर गिर गए। इसी दौरान, पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही सोनहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में घायल युवक को एक निजी वाहन से जिला अस्पताल बस्ती भिजवाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नितेश को मृत घोषित कर दिया। सोनहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

