मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज एक विशेष पहल के तहत कप्तानगंज की कक्षा 11 की छात्रा कृति मिश्रा को एक दिन का बस्ती जिला अधिकारी (डीएम) बनने का अवसर मिला।
कृति मिश्रा, जिन्होंने वर्ष 2025 की हाई स्कूल परीक्षा में जनपद बस्ती में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था, ने सोमवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के मार्गदर्शन में डीएम कार्यालय का कार्यभार संभाला।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी ली, अधिकारियों से संवाद किया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। कृति ने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है और उन्होंने यह भी व्यक्त किया कि आगे चलकर वह सिविल सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कृति को बधाई देते हुए कहा कि “इस तरह की पहल छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देती है।”
कृति मिश्रा के पिता आदरणीय संजय मिश्रा जी ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि उनकी बेटी ने पूरे परिवार एवं जनपद का मान बढ़ाया है।

