मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बंजरिया निवासी सुनील कुमार के घर में शाम के समय खाना बनाते वक्त अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज हो गया। कुछ ही पलों में सिलेंडर में धमाका हुआ और आग तेजी से पूरे घर में फैल गई देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया घर में रखे कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, अनाज और जरूरी कागजात सहित सब कुछ जलकर राख हो गया।
आग लगने के बाद घर के लोग किसी तरह बाहर भागे और शोर मचाकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पाइपों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसी बीच किसी ग्रामीण ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद सोनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
घर के मुखिया सुनील कुमार ने बताया कि आग इतनी तेजी से लगी कि कुछ समझ नहीं आए बस बच्चों को संभालकर किसी तरह बाहर निकले
फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन किया संबंधित एजेंसी को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं घर के मुखिया सुनील कुमार ने बताया कि अब तक एचपी गैस कंपनी की ओर से न तो कोई क्लेम लिया गया है और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत फंड से मुआवजा और तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सके।
यह हादसा एक बार फिर से याद दिलाता है कि गैस सिलेंडर के प्रयोग में लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों से अपील की गई है कि गैस का उपयोग करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें।

