
कटंगी के मंडी प्रांगण में होगा कार्यक्रम, नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 4546 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र,
दो करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा
मूकनायक/ राहुल सिंगारे
ब्लॉक रिपोर्टर कटंगी
बालाघाट। आज 24 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के कटंगी, आ रहे है, यहां वे, आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले प्रदेश के 06 लाख 69 हजार 272 किसानों के खाते में सिंगल क्लिक से 377 करोड़ 12 लाख रुपए की बोनस राशि का अंतरण करेंगे। इसके साथ ही प्रायवेट कंपनियो में रोजगार के लिए चयनित 3734 युवाओं और नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 812 युवाओं को पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते में भर्ती के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 244.52 करोड़ रुपए के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के बालाघाट सहित अन्य जिलों के 25 हजार किसान शामिल होंगे।
कटंगी में मुख्यमंत्री के लिए 36 बाई 72 का मंच बनाया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल होमने वाले किसानों के बैठने के लिए 100 बाई 400 और 100 बाई 200 के 5 डोम बनाए गए है।
कटंगी में आयोजित मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत धान प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में कृषि एवं अन्य विभागों की प्रदर्शनी होगी।
धान प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में जिले के एक जिला-एक उत्पाद एवं प्रदेश में कृषि क्षेत्र की प्रथम जी.आई. टैग प्राप्त ‘’बालाघाट चिन्नौर’’ का चावल के साथ ही जिले में उत्पादित श्रीअन्न के मूल्य संवर्धित उत्पादों की ‘श्री अन्न प्रदर्शनी’ भी प्रदर्शित होगी।
कटंगी में आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से कृषकों की आय को बढ़ाने एवं लागत को कम करने की विभिन्न तकनीकों का उपयोग, कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम स्थल का जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
कटंगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर यातायात विभाग ने शहर का यातायात भी डायवर्ट किया है।
जिसके तहत कटंगी के सिनेमा चौक से कार्यक्रम स्थल कृषि मंडी सिवनी बायपास मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों का कटंगी शहर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के अंतर्गत्ा सिवनी की ओर से बालाघाट और कंटगी आने वाले वाहन लोहमारा कोडमी बनेराटोला बनेरा-सिंगोड़ी-मुंडीवाडा होते हुए कंटगी एवं बालाघाट आवागमन कर सकेंगे। तुमसर-तिरोड़ी से वारासिवनी तथा वारासिवनी से तुमसर जाने वाले वाहन जराहमोहगांव-अंसेरा-झाड़ीवाडा-मेहन्दीवाडा होते हुये आवागमन कर सकेंगे। तुमसर से सिवनी तथा सिवनी से तुमसर जाने वाले वाहन कटेदरा-धनकोसा-बिसापुर-खमरिया होते हुये आवागमन कर सकेंगे।
कटंगी में अन्य जिलो से किसानों को लेकर आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है।

