मूकनायक/राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर, बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती जनपद की कक्षा 8 की छात्रा कविता मौर्या एक दिन के लिए बनी बीडीओ
मिशन शक्ति फेज 5 के अंतर्गत बस्ती के सल्टौआ में एक अनूठी पहल की गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा कविता मौर्या को मंगलवार को विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर का एक दिवसीय बीडीओ नियुक्त किया गया।
कविता ने अपने कार्यकाल में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने ग्राम पंचायत आमा तृतीय की महिलाओं द्वारा सड़क की समस्या के बारे में की गई शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया। इस मामले में एडीओ समाजकल्याण रोहित चौधरी ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया।
बीडीओ के रूप में कविता ने कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। साथ ही विभिन्न पटलों पर चल रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा भी की। इस अवसर पर बीडीओ अनिल कुमार यादव, प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत विक्रम सिंह, एडीओ पंचायत वीरेंद्र तिवारी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

