मस्त राम धरोच दाबला (जिला बिलासपुर) हिमांचल प्रदेश | तहसील घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले गाँव दाबला में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की छत छीन ली। गाँव के निवासी मस्त राम दडोच पुत्र प्रेम लाल का कच्चा दो मंजिला स्लेटपोश मकान दिनांक 13 सितम्बर 2025 की रात लगभग 9:30 बजे भारी बारिश के चलते अचानक ढह गया। मकान का शेष भाग भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त अवस्था में है। गनिमत रही की कोई जान माल का नुक्सान नहीं हुआ है | गौरतलब है कि प्रशासन को पहले से इस मकान की कमजोर स्थिति की जानकारी थी। संभावित खतरे को देखते हुए, प्रभावित परिवार को पहले ही निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अस्थायी रूप से ठहराया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह प्रशासन की सतर्कता और संवेदनशीलता का प्रमाण है कि समय रहते सुरक्षा के कदम उठाए गए और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना 14 सितम्बर को दोपहर में वार्ड सदस्य परस राम द्वारा प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही हल्का कानूनगो श्री देव राज तथा हल्का पटवारी श्री अनिल ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मकान गिरने की पुष्टि करते हुए आपदा प्रबंधन के तहत राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। प्रभावित परिवार को अब स्थायी आवास और आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन उन्हें शीघ्र आवासीय पुनर्वास व उचित मुआवजा प्रदान करे। यह घटना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और पुराने कच्चे मकानों की दयनीय स्थिति की ओर भी इशारा करती है, जिस पर व्यापक ध्यान देने की आवश्यकता है।

