मूकनायक/ राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद के अमरौली सुमाली राजस्व ग्राम शिवा में स्थित अंबेडकर पार्क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। ग्राम प्रधान गायत्री देवी को कई बार शिकायत की गई। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क की सफाई और उचित व्यवस्था के लिए बार-बार अनुरोध किया गया। प्रधान ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पार्क में खरपतवार और घास-फूस बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों के घरों से निकलने वाला नाली का पानी पार्क में जमा हो रहा है। इससे पार्क में गंदा पानी एकत्रित हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्क की जमीन भी माप में कम दिखाई जा रही है।
जनकराम, राम प्रकाश, राकेश, लवकुश, अनीश और रवि जैसे ग्रामीण और समाज सेवकों की मांग है कि पार्क का पुनर्निर्माण किया जाए। उनका कहना है कि इसे एक बेहतर अंबेडकर पार्क में बदला जाए। साथ ही इसे एक सामाजिक और मार्गदर्शक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।

