Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदलित बेटी से दुष्कर्म प्रयास मामला गरमाया, हिंदू संगठन आया सामने, पीड़िता...

दलित बेटी से दुष्कर्म प्रयास मामला गरमाया, हिंदू संगठन आया सामने, पीड़िता के परिवार को मिल रही जान से मारने की धमकी

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के एक गाँव में दलित नाबालिग बालिका के साथ विशेष समुदाय के युवक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। अब इस मामले में हिंदू संगठनों ने भी हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया है। रविवार को विश्व हिंदू बजरंग दल की जिला इकाई की टीम जिलाध्यक्ष स्नेह पांडेय के नेतृत्व में पीड़िता के घर पहुँची। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सोनहा थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की माँग की।

संगठन की ओर से दिए गए पत्र में स्पष्ट कहा गया कि आरोपी पक्ष के लोग पीड़ित परिवार पर लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकियाँ भी मिल रही हैं। विश्व हिंदू बजरंग दल ने प्रशासन से माँग की है कि धमकी देने वालों पर मुकदमा दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार भयमुक्त होकर जीवन यापन कर सके। साथ ही, परिवार के जानमाल की सुरक्षा के लिए ठोस इंतज़ाम करने की अपील की गई।

जिलाध्यक्ष स्नेह पांडेय ने कहा कि सोनहा पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए 12 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। लेकिन इसके बावजूद क्षेत्रीय विधायक पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विशेष समुदाय के आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब वोट लेने का समय आता है तो दलित समाज की बात की जाती है, लेकिन जब उनकी बेटियों के साथ अन्याय होता है तो ये लोग आरोपी के समर्थन में खड़े दिखाई देते हैं।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गरीब दलित परिवार को न्याय नहीं मिला तो विश्व हिंदू बजरंग दल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन का कहना है कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं है, बल्कि समाज की अस्मिता और सुरक्षा का प्रश्न है। यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं होगी तो अपराधियों के हौसले बुलंद होते रहेंगे।

इस दौरान पीड़िता की माँ से भी पत्रकारों ने बातचीत की। उन्होंने रोते हुए कहा कि आरोपी पक्ष के लोग उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि पुलिस और प्रशासन ने कड़ी निगरानी नहीं रखी तो उनके परिवार को किसी भी समय नुकसान पहुँचाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सोनहा थाना पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की है, जिसके लिए उन्होंने आभार जताया।

विश्व हिंदू बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे सजा दिलाने के लिए आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।

फिलहाल सोनहा थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और मामले की विवेचना निष्पक्ष रूप से चल रही है। लेकिन इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सामाजिक और राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अब देखना यह होगा कि पीड़ित परिवार को न्याय कब और कैसे मिलता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments