मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सरदार सेना ने जोरदार प्रदर्शन किया सरदार सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग डीएम कार्यालय पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जिले में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन निष्क्रिय बने हुए हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश पटेल ने कहा कि बस्ती पुलिस और जिला प्रशासन बेलगाम हो चुके हैं उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पैकौलिया थाने में दर्ज अशोक चौधरी के अपहरण के मुकदमे में अब तक न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही पीड़ित की बरामदगी हो सकी है यह स्थिति जिले की कानून-व्यवस्था की पोल खोल रही है।
बृजेश पटेल ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर वारदात के बाद भी पुलिस की निष्क्रियता बेहद शर्मनाक है अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में जीने को मजबूर है उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुलिस सक्रिय होकर कार्रवाई नहीं करती तो सरदार सेना उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सरदार सेना के जिलाध्यक्ष विनय वर्मा भी मौजूद रहे उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी के परिजन पूरी तरह लाचार और निराश हो चुके हैं लगातार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं उन्होंने साफ कहा कि सरदार सेना पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उनकी लड़ाई को हर हाल में अंजाम तक पहुंचाएगी।
विनय वर्मा ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि पीड़ित की बरामदगी जल्द नहीं हुई और दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं डाला गया तो सरदार सेना बस्ती ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ देगी उन्होंने कहा कि यह मामला किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि जिले के आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान सरदार सेना के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन भी सौंपा इसमें मांग की गई कि जल्द से जल्द अशोक चौधरी की बरामदगी हो, आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
इस मौके पर सरदार सेना के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे सभी ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

