मूकनायक/दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। ग्राम रोजगार सेवक संगठन ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के रुधौली ब्लॉक में खण्ड विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक वह एग्री स्टैक डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य नहीं करेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा रोजगार सेवकों से लगातार अतिरिक्त कार्य लिए जा रहे हैं, लेकिन इसके अनुरूप सुविधाएं और भुगतान नहीं मिल रहा है। इस वजह से सेवकों में गहरी नाराजगी है। ज्ञापन में कहा गया है कि एग्री स्टैक डिजिटल क्रॉप सर्वे तभी किया जाएगा जब सरकार उनकी आठ सूत्रीय मांगों को मान ले।
मांगों में सबसे पहले रोजगार सेवकों को गुणवत्ता युक्त एंड्रॉयड फोन उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है, जिससे सर्वे कार्य में आसानी हो सके। साथ ही यह भी कहा गया है कि जब तक सर्वे पूरा न हो, तब तक डेटा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी शासन की होगी। दूसरी प्रमुख मांग है कि पूर्व में किए गए एग्री स्टैक सर्वे का भुगतान तत्काल कराया जाए।
तीसरी बड़ी मांग रोजगार सेवकों की सुरक्षा और दुर्घटना बीमा से जुड़ी है। संगठन का कहना है कि अब तक किसी भी प्रकार का आकस्मिक बीमा उपलब्ध नहीं कराया गया है। यदि सर्वे या अन्य कार्य के दौरान किसी सेवक के साथ कोई घटना घटती है, तो उसके परिवार के आजीवन भरण-पोषण की जिम्मेदारी शासन को उठानी चाहिए।
चौथी मांग में पंचायत बीएलओ का बकाया पारिश्रमिक भुगतान शीघ्र कराए जाने की बात उठाई गई है। वहीं पांचवीं मांग गाटे की दूरी मापने से जुड़ी रही, जिसे 20 मीटर से 150 मीटर पहले की भांति ही लागू करने की बात कही गई। संगठन का कहना है कि इन बिंदुओं को पूरा किए बिना नए कार्य थोपना अन्याय होगा।
इस मौके पर रोजगार सेवक संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमित किशोर यादव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य रमेश चन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष श्याम करन, अखिलेश कुमार, राजेन्द्र, बबिता, किरण, विनिता सहित दर्जनों रोजगार सेवक मौजूद रहे।

