मूकनायक / आकाश घरडे
बालाघाट/मध्यप्रदेश
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत छात्रों ने लिया स्वस्थ और स्वच्छ जीवन का संकल्प
17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक क्रियान्वित किये जाने वाले सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 18 सितम्बर को नगर पालिका परिषद मलाजखंड के द्वारा शासकीय आईटीआई महाविद्यालय पौनी में स्वच्छता एवं नशा मुक्ति विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिनेश बाघमारे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. अंकित असाटी, शिक्षक सौरभ कुमार शर्मा, प्राचार्य दर्शन कुमार कच्छप, उपयंत्री हिमांशी बैस, फनीश भादे, अशोक ब्रम्हनोटे, सौरभ बेदी, अजय बघेल एवं दिलीप मालिक शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. अंकित असाटी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दुश्मन है। यह इंसान को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बनाता है। युवा पीढ़ी को चाहिए कि वह इस बुराई से दूर रहकर समाज में स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही शिक्षक सौरभ कुमार शर्मा ने कहा कि “नशा राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। यदि युवा वर्ग शिक्षा, सेवा और नवाचार की दिशा में आगे बढ़े, तो देश को नई ऊर्जा और मजबूती मिल सकती है। उपयंत्री हिमांशी बैस ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण ही उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। यदि हम आज से छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करें तो आने वाला कल निश्चित ही उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को इसके दुष्परिणामों से बचाने के लिए जागरूक करेंगे। इसके पश्चात् महाविद्यालय परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। अतिथियों, छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने पौधे लगाकर हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में श्रीमती पूर्णिमा दुकारे, ईश्वर दयाल खोबरागड़े, मोरेश तुरकर, रविन्द्र कुमार निकुरे, रेवाराम परते, सुमित कुमार पांडे, रविशंकर नेती, रंजू ठाकरे, नितेश विजयवार, मोनिका सिलावट, पुष्पा कोकोटिया, भारत उइके सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित थे।

