बुद्धप्रकाश बौद्ध, मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड मप्र
भिण्ड, 19 अगस्त , मूकनायक। लहार के एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने मंगलवार को औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षा और महिला-बाल विकास विभाग की गंभीर लापरवाहियों का खुलासा किया। निरीक्षण में पाई गई खामियों पर उन्होंने तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्कूल में बिखरी हुई मिली किताबें
एसडीएम यादव ने हाईस्कूल जगनपुरा का निरीक्षण किया, जहां प्रयोगशाला की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। छात्रों को प्रदाय की जाने वाली पाठ्यपुस्तकें अव्यवस्थित तरीके से बिखरी हुई मिलीं। स्कूल में कुल दर्ज 92 विद्यार्थियों में से केवल 32 छात्र ही उपस्थित पाए गए। लापरवाही देखते हुए एसडीएम ने स्कूल प्राचार्य सतीश सिंह राजावत और भृत्य राघवेंद्र का माह अगस्त का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को आदेश दिया कि प्राचार्य का प्रभार किसी अन्य योग्य शिक्षक को सौंपा जाए।
आंगनबाड़ी में एक भी बच्चे नहीं पाए गए
इसके बाद एसडीएम यादव ने आंगनबाड़ी केंद्र जगनपुरा का निरीक्षण किया। वहां कार्यकर्ता अनुराधा हिन्नारिया बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं। उल्लेखनीय है कि आठ माह पूर्व भी वह अनुपस्थित पाई गई थीं और उन्हें नोटिस जारी किया गया था। केंद्र पर दर्ज 40 बच्चों में से निरीक्षण के समय एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। ग्रामीणों की मानें तो कार्यकर्ता अनुराधा गांव में निवास नहीं करतीं और भिण्ड जिले से बाहर रह रही हैं। इस गंभीर लापरवाही पर एसडीएम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरवाइजर माधवी राजावत को निरीक्षण कार्य में लापरवाही पर नोटिस जारी कर 48 घंटे में जवाब मांगा गया है। सीडीपीओ लहार को पूरे मामले की निगरानी कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
डी एड कॉलेज के नाम पर फर्जी संचालन
फर्जी डीएड कॉलेज की जांचनिरीक्षण के दौरान ही एसडीएम यादव को शिकायत मिली कि रौन तहसील के ग्राम बिङखरी में परशुराम डीएड कॉलेज के नाम पर फर्जी तरीके से संचालन किया जा रहा है। बताया गया कि कॉलेज में केवल एक कमरा है, लेकिन छात्रों से मोटी फीस वसूली जा रही है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरुण मिश्रा, बीआरसी रौन और बिङखरी पटवारी की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल जांच के निर्देश दिए।
एसडीएम की इस कार्रवाई से ग्रामीण संतुष्ट
एसडीएम के इस औचक निरीक्षण और तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे ही ऊर्जावान और सतत रूप से निरीक्षण करते वाले अधिकारी की जरूरत है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इससे शिक्षा और आंगनबाड़ी सेवाओं में सुधार होगा तथा फर्जी संस्थानों पर अंकुश लगेगा।

