मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
सरनाऊ (जालौर) क्षेत्र के कूड़ा गांव में शनिवार, दिनांक 16 अगस्त 2025 को दोपहर के समय आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में गांव के किसान सांकला राम पुत्र रतना राम देवासी की चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार दोपहर में अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज–चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान खेत में खूंटे से बंधी चार भैंसों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने शनिवार को ही घटना का वीडियो देखकर जालौर कलेक्टर से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इसके बाद रविवार को वे स्वयं कूड़ा गांव पहुंचे और पीड़ित किसान परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद डॉक्टर व पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर घटना से संबंधित पेपर वर्किंग तुरंत तैयार करने के निर्देश दिए।
पूर्व विधायक देवल ने आश्वासन दिया कि किसान सांकला राम को चारों भैंसों का उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार से शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
गांववासियों ने पूर्व विधायक की पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र राहत राशि स्वीकृत करेगा। इस हादसे से पूरे गांव में गहरा दुःख व्याप्त है और लोग इसे अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।

