
मूकनायक/ मुकेश वारके
छत्तीसगढ़
बालाघाट। जिले के भरवेली थाना में वनविभाग में नौकरी के नाम पर की गई धोखाधड़ी के बाद एक्सिस बैंक में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। जिसमें भरवेली पुलिस ने आरोपी बालाघाट के वार्ड क्रमांक 10 रजा नगर गढ्ढा मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय फैजान पिता अब्दुल रऊफ खान को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने नौकरी के लिए दिए गए एक लाख 58 हजार रूपए में एक लाख 35 हजार रूपए बरामद किए है।
दरअसल, भरवेली पुलिस को थाना अंतर्गत हीरापुर निवासी आशीष जॉन ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था कि एक्सिस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की नौकरी दिलाने के नाम पर एफ.के. स्ट्रेटजी (गोकुल प्लेसमेंट) के संचालक फैजान खान ने एक लाख 58 हजार रूपए लिए है और मुझे कोई नौकरी नहीं मिली है।
थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर ने बताया कि नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत पर वरिष्ठ अधिकारियो के निर्देशन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी कर, उसके पास से नौकरी के नाम पर आशीष जॉन से लिए गए रूपए में एक लाख 35 हजार रूपए बरामद किए गए है। जिसे न्यायालय में पेश कर, उसे एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। जिससे पूछताछ में और जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस ने नौकरी के नाम पर फैजान खान द्वारा की गई धोखाधड़ी का शिकार लोगों से भरवेली या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कर सामने आने की बात कही है।
इस पूरी कार्यवाही में आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर, एएसआई अनिल मड़ामे, प्रआर. आशीष धुवारे, आर. अघन उइके, नरेन्द्र गौतम, मआर. लिखेश्वरी ठाकरे की भूमिका रही।

