मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी
बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र में अयोध्या निवासी पत्रकार विशाल कुमार के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों ने तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पत्रकार प्रेस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रचार मंत्री राहुल सिंह के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकारों ने बस्ती पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छावनी थाने में तैनात उप निरीक्षक संजय तिवारी एवं अनुरूध यादव पर पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करने, गाली-गलौज करने एवं अवैध रूप से हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
राहुल सिंह ने मीडिया को बताया कि पत्रकार विशाल कुमार, अपने परिजन की दुर्घटना में हुई मौत के सिलसिले में 4 अगस्त को छावनी थाने पहुंचे थे। थाने में खड़ी एक गाड़ी में लदे सामान के संबंध में जानकारी लेने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और बिना किसी वैधानिक कारण के उन्हें थाने में जबरन बैठा लिया गया।
उन्होंने कहा, “यह घटना केवल पत्रकार पर हमला नहीं है, बल्कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी कुठाराघात है। पुलिस की ऐसी कार्यशैली निंदनीय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”
राहुल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भारतीय संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे।

