

किसानों को संयुक्त कृषि का दे रहे हैं संदेश
मूकनायक/ अंकित सरकार
(स्वतंत्र पत्रकार मध्य प्रदेश )
बालाघाट विकासखंड के ग्राम केशलेवाड़ा के युवा कृषक विजय रहांगडाले जिले के अन्य किसानों के लिए एक मिसाल बन कर उभर रहे हैं। विजय रहांगडाले मुर्गी पालन, मत्स्य पालन के साथ ही धान और केले की खेती कर किसानों को संयुक्त खेती की नई राह दिखा रहे हैं।
विजय रहांगडाले ने अपने खेत में मुर्गी पालन के लिए पोल्ट्री फार्म लगाया हुआ है। अब उसने पोल्ट्री फार्म के करीब ही मत्स्य पालन के लिए टैंक बना लिया है और उनमें रोहू, कतरा, मृगल और रूपचंदा प्रजाति की मछलियों का बीज डाला है। विजय ने अपने खेत में धान की फसल लगाई है और मेड़ के किनारे केले के पौधे लगाए हैं। पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली मुर्गियों की बीट का उपयोग मछलियों के चारे के रुप में करने के साथ ही धान के खेत में खाद के लिए भी किया जा रहा है। विजय ने बताया कि इस संयुक्त खेती से उसे एक साल में 25 से 30 लाख रुपए की आय हो रही है। उन्होंने किसानों से कहा है कि केवल धान की खेती पर निर्भर ना रहें। धान के साथ पोल्ट्री फार्म, मत्स्य पालन और फलों की खेती भी करें।

