मूकनायक/ अंकित सरकार
बालाघाट /मध्य प्रदेश
मस्जिदो में हो रहे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, 5 सितंबर को निकलेगा जुलुसे-मोहम्मदी, समाज ने लगाया जुलुस में डीजे पर प्रतिबंध
बालाघाट। पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाने वाला पर्व ईद-मिलादुन्नबी जिले में पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। अहले सुन्नत के मुख्यालय, बरेली शरीफ से चांद की तस्दीक होने के बाद पूरे मुल्क सहित जिले में ईद-मिलादुन्नबी के पर्व पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
जिसमें जिले की सभी मस्जिदो, मदरसो और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में नात की महफिल, कुरान खानी, लंगर सहित अन्य आयोजन हो रहे है। विशेष रूप से जामा मस्जिद में नातिया प्रोग्राम के साथ-साथ पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की जीवनी, शिक्षा और उद्देश्य को लोगों तक पहुंचाने के लिए इमाम मोहम्मद उमर रजवी मिस्बाही द्वारा तकरीर दी जा रही है। इस वर्ष खास बात यह है कि जुलुसे मोहम्मदी में, सामाजिक तौर से डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।
रजा एक्शन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शोएब खान ने बताया कि पैगंबर मोहम्मद साहब का यह 1500 वां जन्मदिवस मनाया जा रहा है। उनके जन्म के समय पूरी दुनिया में भय और आतंक और बदअमनी का माहौल था। ऐसे समय में इस्लाम धर्म के माध्यम से अमन और शांति के पैगाम को लोगों तक पहुंचाने का काम किया। इस्लाम धर्म का पवित्र ग्रंथ कुरान, पैगंबर हजरत मोहम्मद पर उतारा गया हैं। जो पूरी दुनिया को इंसानियत और मानवता का संदेश देता है। जिन्होंने कहा था कि यदि किसी ने बेगुनाह की हत्या की तो उसने पूरी मानवता की हत्या कर दी और किसी की जान बचाई तो समझो उसने पूरी इंसानियत को बचा लिया।
हाजी शोएब खान ने बताया कि इनकी यौमे पैदाईश पर 5 सितंबर को ईद-मिलादुन्नबी पर पूरी शानौ-शौकत के साथ जुलुस-ए-मोहम्मदी निकाला जायेगा। बालाघाट मुख्यालय में जश्ने-ईद-मिलादुन्नबी पर सुबह सभी मस्जिदो में सलातो-सलाम होगा। जिसके बाद सुबह 10 बजे जामा मस्जिद चौक पर इमाम जामा मस्जिद मोहम्मद उमर रजवी मिस्बाही द्वारा परचम कुशाई की जाएगी। इसके बाद मौजूद मुस्लिम धर्मावलंबी सलातो-सलाम और नात पढ़ते हुए जुलुस, शहर के विभिन्न मार्ग से होकर गुजरेगा और जुलुस के, समापन के बाद लंगर ए-आम का आयोजन किया जाएगा। शहर सहित जिले के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर तैयारियां की जा रही है।
जुलुसे मोहम्मदी के अवसर पर रजा एक्शन कमेटी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शोएब खान ने, जिला प्रशासन से पूरे जिले में समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

