
मूकनायक/ महेश कुमार रामटेके
(ब्यूरो चीफ मंडला जिला-मंडला , मध्यप्रदेश)
मंडला। मंडला नगर के प्रमुख व्यस्तम चौराहों – रेड क्रॉस चौक, बड़ चौराहा, चिलमन चौक एवं उदय चौक – पर सड़क पर फैले अस्थायी अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध एक संयुक्त कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही एसडीएम मंडला सोनल सिडाम एवं एसडीओपी पियूष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस थाना कोतवाली, थाना यातायात, राजस्व विभाग तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा संपन्न की गई।


इस अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों, ठेलों, सामग्री तथा अन्य स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। यातायात पुलिस द्वारा 03 ऑटो चालकों से ₹1500 तथा 07 मोटरसाइकिल चालकों से ₹3500 सहित कुल ₹5000 की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा मार्ग में बाधा उत्पन्न करने एवं सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने वाले कुल 40 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 34 के अंतर्गत कार्यवाही की गई। नगर पालिका द्वारा भी नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत 09 चालान काटे गए तथा ₹2500 की जुर्माना राशि वसूल की गई।
इस संयुक्त कार्यवाही का उद्देश्य शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना, अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण प्रदान करना रहा। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की कार्यवाहियां भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सहयोग प्रदान करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने से बचेंl

