मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो चीफ बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती: बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौली रामचरणपुर में एक नाबालिग दलित छात्र और उसके परिवार पर दबंगों द्वारा किए गए हमले ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक स्कूल ड्रेस में घर लौट रहे छात्र को रास्ते में 10-15 दबंगों ने घेरकर बेरहमी से पीटा यही नहीं रात में दबंग पीड़ित के घर पहुंचे और पूरे परिवार के साथ मारपीट की जिसमें कई लोग घायल हो गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंगों ने छात्र पर हमला किया वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। पीड़ित परिवार द्वारा डायल 112 पर कॉल किए जाने के बावजूद, पुलिस ने न केवल देरी से प्रतिक्रिया दी, बल्कि उल्टे पीड़ितों के खिलाफ ही शांति भंग का चालान कर दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने FIR दर्ज करने में टालमटोल की और दबंगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने बस्ती पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात और दबंगों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। कुछ पोस्ट्स में यह भी कहा गया है कि जातिसूचक गालियाँ और जान से मारने की धमकियाँ दी गईं।
इस घटना ने क्षेत्र में सामाजिक तनाव और भय का वातावरण पैदा कर दिया है। इस घटना मे अभी तक पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

