ब्यूरो चीफ मंडी | माकपा जिला कमेटी ने जोगिंदर नगर की 5 दलित बस्तियों को जोड़ने वाली गड़ूही-भौरा-कस सड़क को जल्दी खोलने तथा लोक निर्माण विभाग के भ्रष्ट व तानाशाह एक्सियन को तुरंत हटाने की सरकार से मांग की है तथा इस संबंध में चल रहे जनता के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया है। धर्मपुर व सरकाघाट में फोरलेन सड़क के निर्माण में लगी कंपनी की मनमानी पर लगाम, लगाने तथा आंदोलनरत किसानों के नुकसान की भरपाई करने की भी मांग की है। इस संबंध में चल रहे जनता के आंदोलन को जिला कमेटी ने अपना पूरा समर्थन दिया है। जमीन से बेदखली, भूमि अधिग्रहण, आपदा से जुड़े मुद्दों और भूमि अधिग्रहण में 4 गुणा मुआवजे को लेकर उच्च न्यायालय के फैसले को लागू करवाने के लिए संघर्ष तेज करने तथा संघर्षरत किसानों को पूरा सहयोग देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पूरे जिला में चरमर्रा चुकी स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी सड़क व परिवहन सेवाओं को दुरुस्त करने की भी सरकार से मांग की है। सभी विभागों में रिक्त पदों पर नई भर्तियाँ कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की भी मांग की गई है। 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के अवसर पर ट्रेडयूनियनों व अन्य जनसंगठनों द्वारा मंडी, जोगिंदर नगर, सरकाघाट, बालीचौकी, निहरी व पधर में होने वाले संयुक्त प्रदर्शनों को कामयाब बनाने में पार्टी की सभी इकाइयां पूरी मदद करेंगी। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सचिवालय सदस्य डॉक्टर ओंकार शाद ने कहा कि प्रदेश कि गलत आर्थिक नीतियाँ जिनको नवउदारवादी आर्थिक नीतियाँ कहते हैं को लगातार काँग्रेस व भाजपा की सरकारों प्रदेश में लागू करने से प्रदेश आज कंगाल हो गया है, जिसे सबसे बुरा अवसर जनसुविधाओं व सेवाओं पर पड़ा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुनावों के दौरान दी गई गारंटियों को लागू करने में असफल रही है। वहीं केंद्र की भाजपा सरकार भी प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है तथा हिमाचल को जो रेवेन्यू डेफ़िसिट ग्रांट मिलती थी उसको भी कई गुना घटा दिया है। आपदा आने पर केंद्र सरकार कोई विशेष सहायता हिमाचल की नहीं करती है। केंद्र में सांप्रदायिक व कॉर्पोरेट के गठबंधन के रूप में एनडीए की सरकार है जो देश के संसाधनों को लुटवा रही है और जनता की एकता को तोड़ने के लिए सांप्रदायिक उन्माद को भड़काती है। माकपा सांप्रदायिकता के खिलाफ अभियान चलाते हुए अपने कार्यकर्ताओं व आम जनता को इसके खतरे के प्रति शिक्षित करेगी। आज की बैठक में कुशाल भारद्वाज, भूपेन्द्र सिंह, महेंद्र राणा, सुरेश सरवाल, वीना वैद्य, जोगिंदर वालिया, राजेश शर्मा, सुनीता बिष्ट, संजय जमवाल ऋत्विक ठाकुर सहित अन्य जिला कमेटी सदस्य भी उपस्थित रहे।

