दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य स्तर पर होगा बड़ा आंदोलन
मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
सांचौर, 7 जुलाई 2025
उदयपुर जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अंजूबाला द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे प्रदेश के आंगनवाड़ी मानदेय कर्मचारियों को झकझोर कर रख दिया है। इसी संदर्भ में आंगनवाड़ी संघर्ष समिति सांचौर ने आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम उपखण्ड अधिकारी सांचौर को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि अंजूबाला को सीडीपीओ कार्यालय के कार्मिकों द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। विभागीय दबाव और अपमानजनक व्यवहार से आहत होकर उन्होंने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया, जो न केवल दुःखद है बल्कि विभागीय संवेदनहीनता का प्रतीक भी है।

- पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की जाए।
- जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रताड़ना से यह दुखद घटना हुई है, उनके खिलाफ तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और दबाव-मुक्त वातावरण दिया जाए।
- मानदेय कर्मियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी योजनाएं लागू की जाएं।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार एक ओर “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर महिला कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान की अनदेखी की जा रही है। यह घटना न केवल महिला सशक्तिकरण के दावों की पोल खोलती है, बल्कि विभागीय लापरवाही को भी उजागर करती है।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा समय रहते इस प्रकरण में उचित कदम नहीं उठाया गया, तो राज्य भर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका एकजुट होकर राज्य स्तरीय आंदोलन करेंगी। यह आंदोलन तब तक चलेगा जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और विभागीय कार्य संस्कृति में सुधार नहीं लाया जाता।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सविता देवी, सुखी देवी, बादली देवी, हरिया, गणेश कंवर समेत दर्जनों महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। सभी ने अंजूबाला के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की और सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

