Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorized"योगेश स्मृति नाट्य समारोह" का भव्य शुभारंभ — बच्चों ने दी प्रभावशाली...

“योगेश स्मृति नाट्य समारोह” का भव्य शुभारंभ — बच्चों ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति

मूकनायक/छत्तीसगढ़

बिलासपुर

40 दिवसीय प्रस्तुतिपरक नाट्य कार्यशाला के समापन अवसर पर आयोजित द्वितीय योगेश स्मृति नाट्य समारोह का आज भव्य शुभारंभ पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागार में हुआ। समारोह के पहले दिन दो प्रभावशाली नाटकों का मंचन किया गया, जिनमें से एक बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
पहली प्रस्तुति के रूप में “लेट्स बिकम जंगली” नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक का लेखन व निर्देशन अरुण भांगे द्वारा किया गया और परिकल्पना मात्रिका साहू की रही। यह नाटक कार्यशाला में भाग लेने वाले बच्चों द्वारा मंचित किया गया। बच्चों ने अत्यंत संजीदगी से यह संदेश दिया कि आधुनिकता की दौड़ में हम प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं। यह प्रस्तुति हमें प्रकृति के समीप लौटने की प्रेरणा देती है। इस प्रस्तुति ने पर्यावरण संरक्षण और संतुलित जीवनशैली को अपनाने का प्रभावशाली संदेश दिया।
समारोह की दूसरी प्रस्तुति प्रख्यात रंगकर्मी हबीब तनवीर द्वारा लिखित व्यंग्यात्मक नाटक “गांव के नांव ससुराल, मोर नांव दामाद” का मंचन किया गया । इस नाटक का निर्देशन सुनील चिपड़े ने किया। ग्रामीण परिवेश में व्याप्त सामाजिक विडंबनाओं, जातिगत भेदभाव और सत्ता-प्रपंचों को व्यंग्यात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत करते हुए कलाकारों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया और सोचने पर मजबूर किया।
इस अवसर पर बिलासपुर के माननीय विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि “बिलासपुर की रंगमंचीय परंपरा और सामाजिक सरोकारों को जीवित रखने में ऐसे समारोहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों का आत्मविश्वास, विषय की समझ और प्रस्तुति देखकर यह विश्वास होता है कि रंगमंच की अगली पीढ़ी मजबूत हाथों में है।”
समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, रंगकर्मी और कला-प्रेमी उपस्थित रहे। बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और आयोजन को एक सार्थक शुरुआत मिली।
इस द्वितीय योगेश स्मृति नाट्य समारोह का आयोजन अग्रज नाट्य दल द्वारा किया गया है और यह 29 जून तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से जारी रहेगा। आज शाम 7 बजे नादिरा बब्बर द्वारा लिखित सक्कु बाई का मंचन किया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments