मूकनायक/ रमेश पोडिया संपादक हरियाणा
पानीपत इंदिरा कालोनी में स्थित गुरु रविदास मंदिर में बहुजन समाज पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक का सफल आयोजन हुआ। जो सामाजिक न्याय, संगठन की मजबूती और बहुजन मिशन के विस्तार के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रही। इस बैठक में
मुख्य अतिथि रणधीर सिंह बैनीवाल , राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर, बहुजन समाज पार्टी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा और दिशा प्रदान की। उन्होंने अपने प्रभावशाली वक्तव्य में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि हमें बहुजन समाज पार्टी को मजबूत बनाना है, तो बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करना होगा।
बैनीवाल ने कहा कि आज देश और समाज में जो अत्याचार, भेदभाव और शोषण देखने को मिल रहा है, उसके खिलाफ आवाज़ उठाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निस्वार्थ भाव से पार्टी के विचारों को जनता तक पहुँचाए और यह संदेश दें कि बहुजन समाज पार्टी ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक शक्ति है, जो दलितों, पिछड़ों, मजदूरों, किसानों और वंचित समाज के अधिकारों की सच्ची लड़ाई लड़ रही है।
वशिष्ठ अतिथि चंद्रप्रकाश, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य व केंद्रीय प्रभारी ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि मिशनरी भावना से काम करने वाले कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, ज़मीनी संपर्क और विचारधारा के प्रचार पर विशेष बल दिया।
केंद्रीय प्रभारी प्रताप सिंह और राज्य प्रभारी विशाल गुज्जर ने भी संगठन को हरियाणा में मजबूती देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए और युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा जमालपुर ने कहा कि हरियाणा की धरती सामाजिक बदलाव की प्रतीक रही है और BSP को यहाँ मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को निस्वार्थ भाव से अपने दायित्व निभाने होंगे। उन्होंने आने वाले चुनावों की तैयारी पर भी जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सभी जिलाध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और बूथ कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी रखे और एकजुट होकर मिशन को आगे ले जाने का संकल्प लिया। यह बैठक केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बहुजन समाज पार्टी के विचारों और संघर्ष को फिर से जन-जन तक पहुँचाने की शुरुआत है।

