Thursday, February 26, 2026
Homeबूंदीट्रक पलटने से कोटा दौसा मेगा हाईवे पर लगा ट्रैफिक...

ट्रक पलटने से कोटा दौसा मेगा हाईवे पर लगा ट्रैफिक जाम, पुलिस ने बुलाई क्रेन भी फंस गई

मूकनायक /राजस्थान / बूंदी

संवाददाता विष्णु प्रसाद बैरवा

बूंदी – लाखेरी थाना क्षेत्र के पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज और मेज नदी पुलिया पर घटित दो अलग-अलग घटना के बाद मेगा हाईवे पर कई घंटों से जाम के हालात बने रहे ।

इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा ।

लाखेरी थाना पुलिस मंगलवार रात से ही जाम को बहाल करवाने में लगी रही । जाम में फंसे बड़े वाहनों के कारण पुलिस की ओर से मंगवाई क्रेन भी जाम में फंस गई। लाखेरी पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नागर ने बताया कि बीती रात से अल सुबह तक पापड़ी मेज नदी पुलिया और रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक पलटने की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जाम लगा है । बीती रात पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम खुलवा दिया था, लेकिन बुधवार सुबह रेलवे ब्रिज पर ट्रक पलटने से फिर से जाम जैसे हालात बन गए । सूचना पर पुलिस मौके पर जाम बहाल करवाने में जुटी व हाईवे पर कोयला बिखर गए। खेड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास ने बताया कि बीती रात से अब तक दो अलग-अलग ट्रक पलटने की घटना हो चुकी है । पहली घटना में पापड़ी मेज नदी पुलिया पर ट्रक में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिसके कारण लंबा जाम लग गया।

कई वाहन घंटों जाम में फंसे रहे । इसी तरह बुधवार सुबह पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर सामग्री से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया जिसके कारण एक बार फिर हाईवे पर लंबा जाम लग गया।जाम की सूचना पर लाखेरी थाना पुलिस ने क्रेन भी मंगवाई, लेकिन लंबा जाम होने और सड़क पर आड़े तिरछे फंसे वाहनों के कारण क्रेन नहीं पहुंच पाई ।

लाखेरी थाना प्रभारी सुभाष शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ जाम बहाल करवाने की मशक्कत करते रहे और क्रेन को बड़ी मुश्किल से पहुंचाया तथा ट्रक को एक तरफ किया ।

व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास ने बताया कि जिस स्थान पर ट्रक पलटा है, उससे 7 किलोमीटर की दूरी पर एक्सप्रेस वे का एंट्रेंस आ जाता है, जिससे इस मेगा हाईवे पर बड़े वाहनों का काफी दबाव रहता है । यहां ट्रैफिक के दबाव के मुकाबले मे सड़क की चौड़ाई काफी कम होने से या तो दुर्घटना होती है या फिर जाम के हालात बनते रहते हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments