मेघवाल युवा परिषद एवं विकास संस्थान सांचोर द्वारा “नशा छोड़ो, समाज जोड़ो अभियान” के तहत पेम्पलेट वितरण कर दिया जागरूकता संदेश
*मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार*
रानीवाड़ा उपखण्ड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव करवाड़ा में झाला राम परिहार के सुपुत्र महेंद्रपाल परिहार के विवाह समारोह का आयोजन आध्यात्मिकता, सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक पारंपरिक विवाह नहीं, बल्कि समाज में नशा मुक्ति जैसे गंभीर मुद्दे पर चेतना जाग्रत करने का सशक्त माध्यम बना।

इस अवसर पर गणेश शिव मठ सांचोर के श्री श्री 1008 श्री गणेश नाथ महाराज के पावन सान्निध्य में विवाह सम्पन्न हुआ। महाराज ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के साथ-साथ उपस्थित समाजजनों को भी संयमित जीवन और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

इस विवाह समारोह की खास बात यह रही कि यह समारोह पूरी तरह से नशा मुक्त था। मेघवाल युवा परिषद एवं विकास संस्थान सांचोर द्वारा चलाए जा रहे “नशा छोड़ो, समाज जोड़ो अभियान” के तहत नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया गया। न केवल इस समारोह में नशे का कोई स्थान था, बल्कि समारोह के सभी आयोजकों और समाजजनों ने नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा भी ली। पेम्पलेट वितरण कर नशे के दुष्प्रभाव और इसके समाधान के उपायों पर जागरूकता फैलायी गई।

कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित जनों की उपस्थिति रही, जिनमें नानजी राम गुलसर, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, उदयपुर; रतीलाल सिरोहीवाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य; रमिला मेघवाल पूर्व प्रधान,हेमाराम परमार रानीवाड़ा,नागजी राम परमार पूर्व सरपंच रानीवाड़ा, जवारा राम गोयल लाछड़ी, अध्यक्ष, मेघवाल युवा परिषद एवं विकास संस्थान सांचोर; केवला राम परमार, पूर्व अध्यक्ष, अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर; केसा राम मेहरा,मेवाराम बाजक और अम्बालाल भड़वल,जेताराम जैसे कई सम्मानित समाज बंधु शामिल थे। इसके अलावा, राजस्थान और गुजरात से आए पंच-पटेल और कर्मचारी समाज के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

इन सभी गणमान्यजनों ने विवाह कार्यक्रम को सामाजिक सुधार के साथ जोड़ने की पहल को सराहनीय बताया। सभी ने यह भावना प्रकट की कि यदि हर सामाजिक आयोजन में इस प्रकार का जागरूकता सन्देश शामिल किया जाए, तो समाज में सकारात्मक बदलाव अवश्य आएगा।

कार्यक्रम का समूचा वातावरण भक्ति, सादगी और समाजहित की भावना से ओतप्रोत रहा। महाराज श्री के सान्निध्य में संपन्न यह आयोजन करवाड़ा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और समाज के युवाओं में भी नई ऊर्जा का संचार किया।

झाला राम परिहार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उन्होंने नशा मुक्ति के इस अभियान को समाज में एक स्थायी बदलाव लाने वाला कदम बताया।


