भोपाल जिले के अशोका गार्डन इलाके में विगत दिवस एक कॉलेज संचालक को टवेरा सवार युवकों ने एक्सीडेंट को लेकर हुये विवाद के बाद अगवा कर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत संबंधित पुलिस थाने में की, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विगत दिवस टवेरा सवार युवकों ने कॉलेज संचालक को अगवा कर उसके साथ मारपीट की, जिसकी पीडित ने संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अब तक ना तो एफआईआर दर्ज की और ना ही कोई कार्यवाही की है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 15 दिनों में मांगा है।
30 वर्षीय विवाहित महिला के साथ की ज्यादती
भोपाल शहर के निशातपुरा इलाके में एक 30 वर्षीय विवाहित महिला के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा छेड़छाड़ और ज्यादती करने का मामला सामने अया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोपी युवक ने पीडित महिला का पहला पीछा किया और विरोध करने पर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद आरोपी युवक ने महिला के साथ होटल में जाकर उसके साथ जबरन ज्यादती की और पीडित महिला द्वारा आपत्ति जताने पर उसे समाज में बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की धमकी और प्रताड़ना से तंग आकर पीडित महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से मामले की जांच कराकर आरोपी के विरूद्व की गई कार्यवाही तथा पीडित/परिवार की सुरक्षा एवं सुरक्षित रूप से घर में निवास कर सकने के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
प्रमाण पत्र नवीनीकरण के लिये महीनों से चक्कर काट रही दिव्यांग महिला
मंडला जिले में एक दिव्यांग महिला को सरकारी विभागों की लापरवाही एवं ढीले रवैये के कारण उसके अधिकारों से वंचित रहने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दिव्यांग महिला को उसके विकलांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिये दो महीनों से सरकारी दफ्तारों के चक्कर काटना पड़ रहा है। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब तक दिव्यांग महिला का प्रमाण पत्र नवीनीकृत नहीं किया गया है। इस कारण दिव्यांग महिला को अपने अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं सीएमएचओ, मंडला से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
दबंग ने किया शाला उद्यान, शासकीय रास्ते की जमीन पर कब्जा
अशोकनगर जिले की शाढ़ौरा तहसील के ग्राम सेमरी शाहाबाद में दबंग भू-माफिया द्वारा शाला उद्यान, शासकीय रास्ते की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किये जाने का मामला सामने आया है। शासकीय रास्ते की जमीन पर कब्जा होने से आने-जाने वाले लोगों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर दबंग भू-माफिया के खिलाफ शिकायत भी की है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेटर अशोकनगर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
आवारा तत्वों के कारण पेपर देने आए छात्र- छात्राओं को आधा घंटे लेट छोड़ा
मुरैना जिले के सिटी कोतवाली के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंबर दो गणेशपुरा पर आवारा तत्वों के कारण विद्यालय में परिक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को आधा घंटे देरी से छोड़े जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विगत बुधवार को कक्षा 5वीं एवं 8वीं का पेपर था, जब पेपर छूटने का समय आया तो वहां पर आवारा तत्व बड़ी संख्या में खड़े हो गये। विद्यालय के पास इतनी संख्या में आवारा तत्वों को देखकर शिक्षकों ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुये तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम एवं 100 डॉयल को फोन किया और पुलिस की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को छोड़ा गया। छात्रों-छात्राअें के घर समय पर नहीं पहुंचे के कारण उनके अभिभावक चिंतित हो गये और वह स्वंय परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, मुरैना से मामले की जांच कराकर बच्चों एवं अन्य की सुरक्षा सुनिश्चित कराये जाने हेतु की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 15 दिनों में मांगा है।

