मूकनायक सांचौर रिडमल राम परमार
सांचौर – ग्राम पंचायत गुन्दाऊ के राजीव गांधी सेवा केंद्र में गुरुवार से तीन दिवसीय फार्मर आईडी पंजीकरण शिविर की शुरुआत हुई। शिविर प्रभारी लाधा राम राजपुरोहित ने बताया कि पहले दिन 178 किसानों ने अपना पंजीकरण करवाकर फार्मर आईडी प्राप्त की। यह शिविर आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। शिविर में किसानों को बताया गया कि यह आईडी होने से वे कृषि संबंधी सब्सिडी, बीमा योजना, अनुदान और अन्य सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ ले सकेंगे। शिविर प्रभारी लाधा राम राजपुरोहित ने कहा कि जिन किसानों के पास अभी तक यह आईडी नहीं थी, वे इस मौके का फायदा उठाकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
शिविर के पहले दिन ही बड़ी संख्या में किसान फार्मर आईडी बनवाने पहुंचे। सुबह से ही केंद्र पर किसानों की लंबी कतारें देखी गईं। कई किसानों ने बताया कि यह आईडी बनने से उन्हें कृषि योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
शिविर के पहले दिन कृषि विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने किसानों को फार्मर आईडी से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। शिविर के संचालन में ग्राम पंचायत गुन्दाऊ के प्रतिनिधियों और अन्य कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर प्रभारी लाधा राम राजपुरोहित ने किसानों से अपील की कि जो किसान पहले दिन किसी कारणवश शिविर में नहीं आ सके, वे दूसरे और तीसरे दिन अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक सुनहरा अवसर है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।

