मूकनायक / राजस्थान
धौलपुर से रामदास तरुण तरुण की प्रमुख रिपोर्ट
धौलपुर जिले में प्योर इंडिया ट्रस्ट और सिडबी बैंक के सहयोग से बाड़ी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में 345 से अधिक महिलाओं के लिए स्मार्ट निवेश और महिला माहवारी स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना था। वित्तीय साक्षरता पर पवन तिवारी ने बताया कि यह समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से युवा पीढ़ी और महिलाओं, के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में आमदनी, खर्च, बचत, महंगाई, वित्तीय योजना, बीमा और निवेश के विकल्पों पर चर्चा की गई। वहीं, MHH कार्यक्रम की मास्टर ट्रेनर रजनी ने महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने माहवारी की प्रक्रिया, स्वच्छता, माहवारी के दौरान इस्तेमाल होने वाले साधन और उनसे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तृत जानकारी दी, ताकि महिलाएं बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन कर सकें। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्थाई वित्तीय साक्षरता और स्वच्छता जागरूकता फैलाना है, जिससे समाज आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से मजबूत बने। प्योर इंडिया ट्रस्ट के सुपरवाइजर पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में 100 से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यशाला में प्योर इंडिया ट्रस्ट बाड़ी के प्रोजेक्ट कार्यकर्ता रामबरन गोस्वामी, गांव के सरपंच, आगनबाड़ी कार्यकर्ता और गांव की महिलाएं उपस्थित थीं। इस पहल से न केवल महिलाओं की स्थिति सशक्त हुई है, बल्कि ग्रामीण समुदाय की समग्र सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।

