मकूनायक /राजस्थान
धौलपुर से रामदास तरुण की प्रमुख खबर
बाड़ी, 20 नवंबर 24 को किड्स पैराडाइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाड़ी में आज तंबाकू मुक्ति के लिए एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया। यह कार्यक्रम प्रभात संस्थान धौलपुर और युवा चेतना समिति बाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में प्रभात संस्थान के निदेशक राकेश कुमार ने बताया कि टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 2.0 भारत भर में चलाया जा रहा है। उन्होंने राजस्थान में तंबाकू सेवन के आंकड़ों पर प्रकाश डाला, जिसमें बताया कि राज्य में लगभग 1 करोड़ 20 लाख लोग धूम्रपान या तंबाकू का सेवन करते हैं। इनमें से 60 लाख लोग बीड़ी, सिगरेट जैसी धूम्रपान सामग्री का सेवन करते हैं। राकेश कुमार ने यह भी बताया कि राजस्थान में तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों से हर साल लगभग 80,000 मौतें होती हैं, और धूम्रपान से होने वाली बीमारियों से लाखों लोग प्रभावित होते हैं। कार्यक्रम में अध्यक्ष रामदास तरुण ने तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधानों का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्यालय परिसर से 100 गज की दूरी तक गुटखा या तंबाकू बेचना दंडनीय अपराध है। इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते हुए पाया जाता है, तो उसे ₹200 का जुर्माना भरना पड़ सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य सुनील मितल ने बच्चों को प्रेरित किया और उन्हें तंबाकू, बीड़ी, सुपारी या किसी भी प्रकार के धूम्रपान से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति प्राथमिकता देनी चाहिए, और तंबाकू से दूर रहकर हम अपने भविष्य को स्वस्थ बना सकते हैं। अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों और स्टाफ ने एक साथ तंबाकू मुक्त रहने का संकल्प लिया। सभी ने यह वादा किया कि वे खुद तंबाकू से दूर रहेंगे, बल्कि अपने परिवार और दोस्तों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, विद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए वे पूरी मेहनत करेंगे। इस अवसर पर राकेश कुमार, रामदास तरुण, राजेश और स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित था। इसी कार्यक्रम के बीच में सस्था के अच्छे कार्य को देखते हुए, प्रधानाचार्य सुनील मित्तल एवं समस्त स्टाफ ने स्मृति चिन्ह भेंटकर संस्था के पदाधिकारी को सम्मानित किया।

